#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर मेहरबान हुआ मानसून, अगले 3 दिन झमाझम बारिश के आसार, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।

बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा हुई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल मानसूनी सिस्टम सक्रिय है, जिसके चलते 7 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

5 से 7 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 5, 6 और 7 अगस्त को प्रदेशभर में आंशिक से लेकर घने बादल छाए रहेंगे। कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं 8 अगस्त के बाद मानसून की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत हैं। हालांकि, प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। फिलहाल 10 और 11 अगस्त के लिए किसी बड़े मौसम अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है। तापमान में भी अगले पांच दिनों के दौरान किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में भी मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। दिनभर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और एक-दो दौर की बारिश की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग की सलाह

भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें। किसानों को भी खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने और मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।