#प्रदेश

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन झमाझम बारिश के आसार, कई जिलों में अलर्ट जारी

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि 8 अगस्त से बारिश की तीव्रता और इसका दायरा धीरे-धीरे कम होने की संभावना है।

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटों में रघुनाथनगर और मालखरौदा में सर्वाधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं सिमगा में 6 सेंटीमीटर तथा सुहेला, दोरनापाल, जैजैपुर, गिधौरी, टुंड्रा, छाल और देवभोग में 5-5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा भोथिया, बम्हनीडीह, पामगढ़, तमनार और नवागढ़ में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं पलारी, पिपरिया, मुंगेली, शिवरीनारायण, बिलाईगढ़, मनोरा, जगरगुंडा, बिल्हा, सीपत, तिल्दा, साल्हेवारा, कापू, बलौदाबाजार, कांसाबेल, अकलतरा, अड़भार, कवर्धा, कोरबा, पौड़ी उपरोड़ा, खड़गवा, पटना और बिलासपुर में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा की संभावना जताई है। खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। हालांकि 8 अगस्त से वर्षा की गतिविधियों में कमी आने के संकेत भी दिए गए हैं।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में रुक-रुककर बूंदाबांदी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक दिनभर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

इन जिलों के लिए बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।

लोगों को सलाह दी गई है कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचें और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखें।