सरगुजा में दोहरा हत्याकांड: युवक और महिला की सिर-चेहरा कुचलकर हत्या, पति पर फावड़े से वार करने का शक

सरगुजा। कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिसरपानी में दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई है। एक मकान से पुलिस ने युवक और महिला के शव बरामद किए हैं। मृतकों की पहचान बेन्जे बड़ा और नईहारो मझवार के रूप में हुई है। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
शराब के नशे में हुआ विवाद, पति पर हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त की शाम बेन्जे बड़ा, नईहारो मझवार और उसका पति बाबूलाल मझवार एक मकान में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि तीनों शराब के नशे में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि विवाद के दौरान बाबूलाल मझवार ने फावड़े से अपनी पत्नी और युवक पर हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। वारदात के बाद से बाबूलाल फरार है।
मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की असली वजह और पूरी वारदात का क्रम स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले में जांच जारी है।




