नवा रायपुर की जानलेवा ब्लू वाटर झील में युवक लापता, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

रायपुर। नवा रायपुर के नकटी गांव के पास स्थित ब्लू वाटर खदान (झील) में तैरने के दौरान लापता हुए 24 वर्षीय युवक आदिल खान का 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। बुधवार शाम दोस्तों के साथ झील पहुंचा आदिल गहरे पानी में जाने के बाद लापता हो गया था।
पुलिस के मुताबिक मौदहापारा निवासी आदिल खान अपने दोस्त तौफीक के साथ झील को तैरकर पार करने के लिए पानी में उतरा था। तैरते हुए आदिल खदान के गहरे हिस्से में पहुंच गया और अचानक डूबता दिखाई दिया। इसके बाद उसका पता नहीं चला, जबकि उसका दोस्त सुरक्षित बाहर निकल आया।
अंधेरा होने और पानी की गहराई अधिक होने के कारण बुधवार रात रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह NDRF और SDRF के गोताखोरों ने दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन देर शाम तक आदिल का कोई सुराग नहीं मिल सका।
तलाशी अभियान तेज करने की मांग
युवक के लापता होने की खबर से मौदहापारा में गम का माहौल है। मौके पर मौजूद लोगों ने रेस्क्यू अभियान को लेकर नाराजगी जताते हुए तलाश तेज करने की मांग की।
मौदहापारा पार्षद शेख मुशीर और पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने की मांग की है।
रायपुर ग्रामीण एएसपी संदीप मित्तल ने बताया कि आदिल का अब तक पता नहीं चला है। अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार सुबह फिर से गोताखोरों को उतारकर तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
ब्लू वाटर खदान को प्रतिबंधित और बेहद खतरनाक माना जाता है। यहां सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण लगातार हादसे सामने आते रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पिछले कुछ वर्षों में इस गहरी खदान में डूबने से 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें ज्यादातर युवा बताए जाते हैं।अब आदिल की तलाश के साथ एक बार फिर इस जानलेवा खदान में सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिबंध के बावजूद लोगों के पहुंचने को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।




