#प्रदेश

कलाकंद खाते ही दिखा मरा हुआ मच्छर! ग्राहक ने बनाया वीडियो, शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने लिए सैंपल

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के टैगोर नगर स्थित न्यू डेल्ही स्वीट्स की मिठाई में मच्छर मिलने का मामला सामने आया है। ब्राम्हणपारा आजाद चौक निवासी एक ग्राहक ने कलाकंद के अंदर मरा हुआ मच्छर मिलने का दावा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया। शिकायत के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम दुकान पहुंची और कलाकंद का सैंपल लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया।

जांच के दौरान खाद्य विभाग की टीम को फर्म के परिसर में कई कमियां भी मिलीं। इन्हें दूर करने के लिए दुकान संचालक को नोटिस जारी किया गया है।

कलाकंद के अंदर दिखा मच्छर, ग्राहक ने बनाया वीडियो

ग्राहक धीरजधर दीवान के मुताबिक, उन्होंने न्यू डेल्ही स्वीट्स से कलाकंद खरीदा था। मिठाई खाते समय उन्हें उसके अंदर मरा हुआ मच्छर दिखाई दिया।

इसके बाद वह मिठाई का बॉक्स लेकर दुकान पहुंचे और पूरे मामले का वीडियो बनाया। वीडियो में वह दुकान के मैनेजर को पहले भी मिठाई में मच्छर मिलने की बात बताते हुए कार्रवाई की मांग करते नजर आ रहे हैं।

ग्राहक का आरोप है कि यह घटना उनके साथ दूसरी बार हुई है। उनका कहना है कि पिछली बार दुकान की ओर से लाइट बंद होने के दौरान पैकिंग के समय मच्छर गिरने की बात कही गई थी, जिसके बाद उन्होंने मामले को नजरअंदाज कर दिया था। लेकिन दोबारा ऐसी घटना होने के बाद उन्होंने इसकी शिकायत खाद्य विभाग से की।

शिकायत मिलते ही पहुंची खाद्य विभाग की टीम

ग्राहक ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद विभाग की टीम न्यू डेल्ही स्वीट्स पहुंची और मौके से कलाकंद का सैंपल लिया।

सैंपल को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मिठाई में किसी तरह की खाद्य सुरक्षा संबंधी गड़बड़ी थी या नहीं।

दुकान में मिलीं कई कमियां, नोटिस जारी

जांच के दौरान अधिकारियों को न्यू डेल्ही स्वीट्स के परिसर में कई तरह की कमियां भी मिलीं। खाद्य विभाग ने इन कमियों को दूर करने के लिए दुकान संचालक को नोटिस जारी किया है।

‘बने खाबो, बने रहिबो’ अभियान के तहत कार्रवाई

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में 17 से 23 अगस्त तक ‘बने खाबो, बने रहिबो’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत राजधानी और आसपास के इलाकों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की जा रही है।

अभियान के तहत शुक्रवार को कई दुकानों और प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

डीमार्ट कमल विहार से अमूल प्योर घी और वचन काउ घी, अमर ज्योति इंटरप्राइजेस (अपना मार्ट), बीरगांव से डाबर हनी और यूनिविक वॉटर, बालाजी ट्रेडिंग होलसेल मार्केट, डूमरतराई से देवभोग घी और मयंक ट्रेडिंग कंपनी, डूमरतराई से कीर्ति गोल्ड प्योर काउ घी के नमूने लिए गए।वहीं संतोष मार्केटिंग से श्रीमूल एगमार्क काठ घी, बीकानेरी रसगुल्ला और गुलाब जामुन के सैंपल लिए गए।

इसके अलावा न्यू डेल्ही स्वीट्स, टैगोर नगर से कलाकंद और मां दुर्गा स्वीट्स, भनपुरी से नारियल लड्डू का नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।