कुएं में समरसेबल निकालने उतरे 4 लोग, जहरीली गैस ने ली 3 की जान; एक की हालत गंभीर

चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में बंद कुएं के अंदर फंसे समरसेबल पंप को निकालने उतरे चार लोग अचानक जहरीली गैस की चपेट में आ गए। चारों बेहोश होकर कुएं में गिर पड़े। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एक-एक कर कुएं में उतरे थे चार लोग
जानकारी के मुताबिक, किड़हिरा गांव में एक कुएं के अंदर लगा समरसेबल पंप खराब हो गया था। उसे बाहर निकालने के लिए पहले एक व्यक्ति कुएं में उतरा। इसके बाद मदद के लिए तीन और लोग नीचे चले गए।लेकिन कुएं के अंदर पहुंचते ही जहरीली गैस के असर से चारों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर अंदर ही गिर पड़े।
कुछ देर तक कुएं से कोई हलचल या आवाज नहीं आने पर बाहर मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही शहाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद चारों लोगों को कुएं से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने जमाल, तौकीर आलम और वारिस अली को मृत घोषित कर दिया। वहीं समशेर की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जहरीली गैस बनी मौत की वजह?
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में कुएं के अंदर लंबे समय से जमा जहरीली गैस के कारण दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। आशंका है कि मीथेन या कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी गैस के कारण ऑक्सीजन की कमी हुई और चारों लोग बेहोश हो गए।हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है।




