#प्रदेश

ब्लू वाटर खदान में लगातार मौतों पर सरकार सख्त, प्रतिबंधित होगा खदान क्षेत्र; चारों ओर होगी फेंसिंग

Advertisement Carousel

 

रायपुर। नवा रायपुर के चर्चित ब्लू वाटर खदान में लगातार हो रही मौतों के बाद अब सरकार ने सख्ती का रुख अपनाया है। आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा है कि ब्लू वाटर खदान को प्रतिबंधित किया जाएगा। इसके साथ ही खदानों के चारों ओर फेंसिंग कराई जाएगी, ताकि लोगों की आवाजाही रोकी जा सके और हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।मंत्री ने बताया कि खदान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बाहर से आई टीम लगातार काम कर रही है।

पेपर लीक मामले में दोषियों को नहीं मिलेगी राहत

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक मामले में हुई गिरफ्तारियों को लेकर मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार साफ-सुथरी और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली चाहती है। पेपर लीक जैसे मामलों में दोषियों को किसी भी स्थिति में छोड़ा नहीं जाएगा।

युवाओं की बात सुनना जरूरी

मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के युवाओं से संवाद को लेकर मंत्री ने कहा कि युवा देश और प्रदेश की बड़ी ताकत हैं। युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं और उनकी बातों को सभी को गंभीरता से सुनना चाहिए। अगर युवाओं की बात ही नहीं सुनी जाएगी तो उनकी समस्याओं का समाधान कैसे निकलेगा।

AIIMS दीक्षांत समारोह के आमंत्रण पर क्या बोले मंत्री?

रायपुर AIIMS के दीक्षांत समारोह के आमंत्रण पत्र में स्थानीय सांसद, विधायक और महापौर का नाम नहीं होने को लेकर पूछे गए सवाल पर उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम की पूरी जानकारी नहीं है।

उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करते समय निर्धारित प्रोटोकॉल का ध्यान रखा जाता है। AIIMS के दीक्षांत समारोह के आमंत्रण से जुड़े मामले में संबंधित स्तर पर जानकारी ली जा सकती है।