#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 7 दिन बारिश के आसार; कई जिलों में अलर्ट

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। वहीं बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के चलते आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।

रामचंद्रपुर में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे में रामचंद्रपुर में 5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो प्रदेश में सबसे अधिक रही। वहीं अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया। प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से करीब 8 प्रतिशत कम है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 23 अगस्त को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। शहर के कुछ हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अगले 24 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

रविवार सुबह मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में अगले तीन घंटों के दौरान बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

इन इलाकों में यलो अलर्ट

इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग ने गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी है।