#प्रदेश

इंद्रावती नदी उफान पर: खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा जलस्तर, दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा

Advertisement Carousel

० बस्तर में भारी बारिश से बिगड़े हालात, पुराने पुल के ऊपर से बह रहा पानी; SDRF अलर्ट, 7 दिन तक बारिश का अनुमान

जगदलपुर। बस्तर और ओडिशा में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब इंद्रावती नदी पर साफ दिखाई दे रहा है। नदी का जलस्तर 8.40 मीटर तक पहुंच गया है और खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जगदलपुर की पुरानी पुलिया के ऊपर से भी पानी बहने लगा है।

नदी और सहायक नालों के उफान पर आने से आसपास के दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए SDRF को अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रशासन की टीम प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी कर रही है और मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।

सड़क के ऊपर से बह रहा बाढ़ का पानी

बेलगांव-नगरनार को जोड़ने वाली सड़क के ऊपर से भी पानी बह रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर सड़क पार करते नजर आए। प्रशासन ने लोगों से ऐसे स्थानों पर सावधानी बरतने की अपील की है।

चित्रकोट जलप्रपात भी उफान पर

लगातार बारिश के कारण चित्रकोट जलप्रपात का जलस्तर भी बढ़ गया है। बारिश के बाद चित्रकोट का नजारा बेहद खूबसूरत नजर आ रहा है, लेकिन तेज बहाव के कारण आसपास के क्षेत्रों में सावधानी जरूरी है।

अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। अगले 7 दिनों तक प्रदेश में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

रायपुर में भी रविवार को हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी। गायत्री नगर में जगन्नाथ मंदिर के पास नाले में फंसे एक युवक को रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला गया।