कांकेर में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी, जंगल में जमीन के नीचे मिला हथियारों का डंप; वायरलेस सेट और GPS समेत सामान बरामद

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के मोरखण्डी जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान जवानों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डंप बरामद किया है। संयुक्त कार्रवाई में हथियारों के साथ संचार उपकरण और अन्य नक्सली सामग्री भी मिली है।
BSF, जिला बल और BDS की संयुक्त कार्रवाई
कांकेर के नक्सल प्रभावित सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बलों का सघन सर्चिंग अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत 24 अगस्त को BSF, जिला बल और BDS की संयुक्त टीम मोरखण्डी के जंगल में सर्चिंग कर रही थी।
सर्चिंग के दौरान जवानों को एक स्थान पर संदेह हुआ। जांच करने पर जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सली डंप सामने आया। मौके की सुरक्षा को देखते हुए BDS यानी बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीम की मौजूदगी में डंप की तलाशी ली गई।
डंप से क्या-क्या मिला?
सुरक्षाबलों ने मौके से बड़ी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की है। बरामद सामान में—
4 भारमार बंदूक
3 भारमार बंदूक के बैरल
1 वायरलेस सेट
3 बंडल बिजली वायर
1 GPS
1 छोटी सोलर प्लेट
1 चार्जर
नक्सली साहित्य
अन्य नक्सली सामग्री
शामिल है।

सर्चिंग अभियान आगे भी रहेगा जारी
सुरक्षा बलों ने नक्सल डंप की बरामदगी को अभियान के दौरान महत्वपूर्ण सफलता बताया है। कार्रवाई पूरी होने के बाद संयुक्त टीम के सभी जवान सुरक्षित कैंप लौट गए।
पुलिस के मुताबिक, इलाके में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।





