#crime #प्रदेश

रायपुर में नाली में फंसी स्कॉर्पियो से 5 क्विंटल गांजा बरामद, ड्राइवर फरार; राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे की बड़ी खेप पकड़े जाने का मामला सामने आया है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक महासमुंद पासिंग सफेद स्कॉर्पियो नाली में फंस गई। संदिग्ध गतिविधि की आशंका पर स्थानीय लोगों ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में गांजा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

लोगों ने तलाशी ली तो खुला गांजा तस्करी का राज

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह स्कॉर्पियो क्रमांक CG 06 HE 9900 मोहल्ले की नाली में फंस गई थी। वाहन फंसने के बाद चालक घबरा गया और मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। शक के आधार पर जब वाहन की जांच की गई तो उसमें करीब 5 क्विंटल गांजा बरामद हुआ। गांजे की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है।

पुलिस ने वाहन और गांजा किया जब्त

मामले की सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में लेकर उसमें लदा गांजा भी जब्त कर लिया है।

फिलहाल वाहन चालक मौके से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और वाहन के नंबर व अन्य माध्यमों से तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

राजधानी तक कैसे पहुंची इतनी बड़ी खेप?

एक साथ करीब 5 क्विंटल गांजा मिलने के बाद कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। इतनी बड़ी खेप आखिर रायपुर तक कैसे पहुंची? रास्ते में वाहन की जांच क्यों नहीं हुई? क्या तस्करों ने किसी चेकिंग प्वाइंट को पार किया?

पुलिस अब गांजे के स्रोत और संभावित गंतव्य के साथ-साथ इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।