#crime #प्रदेश

दिल्ली में फिर निर्भया कांड जैसी वारदात: स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

Advertisement Carousel

 

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। ग्रेटर नोएडा से दिल्ली के कश्मीरी गेट के बीच चलने वाली स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप बस के चालक और कंडक्टर पर लगा है।

मामला कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली थी छात्रा

जानकारी के मुताबिक पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है। वह 3 अगस्त को घर से बिना बताए निकली थी। बताया जा रहा है कि पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज होकर वह नोएडा सेक्टर-63 में रहने वाले अपने चचेरे भाई के घर जाने के लिए निकली थी।

इसी दौरान छात्रा ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जाने वाली स्लीपर बस में सवार हुई। आरोप है कि बस में चालक और कंडक्टर ने उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना 4 अगस्त 2026 की बताई जा रही है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा

मामले की जानकारी सामने आने के बाद कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने चालक और कंडक्टर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल बस को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

2012 के निर्भया कांड की याद हुई ताजा

बस में नाबालिग छात्रा के साथ हुई इस कथित वारदात ने 16 दिसंबर 2012 के निर्भया कांड की याद ताजा कर दी। उस समय दिल्ली के वसंत विहार इलाके में चलती बस में 23 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। गंभीर रूप से घायल युवती को सड़क किनारे फेंक दिया गया था। बाद में उसकी मौत हो गई थी।

निर्भया मामले में छह आरोपी पकड़े गए थे। एक आरोपी की जेल में मौत हो गई, जबकि नाबालिग आरोपी को कानून के तहत सुधार गृह भेजा गया था। मामले के चार दोषियों मुकेश सिंह, पवन गुप्ता, विनय शर्मा और अक्षय ठाकुर को 20 मार्च 2020 को फांसी दी गई थी।

ताजा मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्य और आरोपों की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।