#प्रदेश

Indigo Flight Emergency: गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, इंजन में खराबी के बाद मचा हड़कंप

Advertisement Carousel

 

नई दिल्ली। गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट को मंगलवार सुबह उड़ान के दौरान इंजन में खराबी की सूचना मिलने के बाद वापस गोवा एयरपोर्ट लौटना पड़ा। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने कुछ समय के लिए फुल इमरजेंसी घोषित की। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

9:16 बजे गोवा से रवाना हुई थी फ्लाइट

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह करीब 9:16 बजे गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी।उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान के एक इंजन में तकनीकी समस्या की सूचना मिली। इसके बाद विमान को वापस गोवा एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया।

ATC ने घोषित की फुल इमरजेंसी

सूत्रों के मुताबिक, विमान को वापस गोवा लाए जाने के दौरान करीब 9:30 बजे ATC ने फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। एयरपोर्ट प्रशासन ने विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए जरूरी इंतजाम किए।

विमान ने करीब 9:51 बजे रनवे 28 पर सुरक्षित लैंडिंग की और इसके बाद स्टैंड नंबर 6 पर पार्क किया गया। विमान के पूरी तरह पार्क होने के बाद सुबह 10:03 बजे फुल इमरजेंसी खत्म कर दी गई।

सभी यात्री सुरक्षित

लैंडिंग के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यात्रियों को फिलहाल बोर्डिंग एरिया में ठहराया गया।घटना के दौरान किसी यात्री के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है।

14 हजार फीट की ऊंचाई पर था विमान

एविएशन ट्रैकर Flightradar24 के आंकड़ों के मुताबिक विमान दक्षिणी महाराष्ट्र के तट के पास से वापस गोवा की ओर लौट रहा था। एयरपोर्ट की ओर मुड़ते समय विमान करीब 14,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था।

दिल्ली की उड़ान का समय बदला

विमान की तकनीकी जांच और परिचालन संबंधी जरूरतों को देखते हुए दिल्ली के लिए उड़ान का समय बदल दिया गया है। अब फ्लाइट के दोपहर 3:30 बजे रवाना होने की जानकारी है।

फिलहाल इंजन में किस तरह की तकनीकी खराबी आई थी, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। विमान की जांच के बाद ही खराबी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।