#प्रदेश

CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में फिर बिगड़ेगा मौसम, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; गरज-चमक के साथ 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Advertisement Carousel

 

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर छत्तीसगढ़ में बुधवार को भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार मौसमी सिस्टम अगले 48 घंटे में उत्तरी ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में यलो अलर्ट

इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा समेत कई जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मंगलवार को भी कई इलाकों में हुई भारी बारिश

मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर जिले के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चांदो में 15 सेमी बारिश, रामचंद्रपुर में 12 सेमी

मंगलवार को सबसे ज्यादा बारिश चांदो में 15 सेंटीमीटर दर्ज की गई। इसके बाद रामचंद्रपुर में 12, रामानुजगंज और वाड्रफनगर में 8-8 सेंटीमीटर बारिश हुई।

बलरामपुर, कुसमी, सामरी, रघुनाथनगर और राजपुर में 7-7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। चलगली और शंकरगढ़ में 6-6 सेंटीमीटर, जबकि बलौदाबाजार, सोनाखान और जनकपुर-भरतपुर में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई।

इसके अलावा दौरा कोचली, भाटापारा और भटगांव में 4-4 सेंटीमीटर तथा मुकडेगा, बसना, कसडोल, लटोरी, पिथौरा और पलारी में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

बिजली और तेज हवाओं को लेकर रहें सतर्क

मौसम विभाग ने गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज बारिश के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा करने से भी बचना बेहतर होगा।