पुलिस हिरासत में युवक की मौत से बवाल, परिजनों ने थाने का किया घेराव, आरक्षक सस्पेंड

जांजगीर-चांपा। चांपा में पुलिस हिरासत में लिए गए एक युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने चांपा थाने का घेराव कर दिया। परिजनों ने हिरासत के दौरान युवक से मारपीट और प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित कर दिया है।
अवैध शराब बिक्री के मामले में लिया गया था हिरासत में
जानकारी के मुताबिक, मेंहदीपारा निवासी कुल्लू उर्फ शिव सहिस को चांपा पुलिस ने बुधवार को आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत हिरासत में लिया था। पुलिस के अनुसार, हिरासत के दौरान शाम को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे चांपा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालत बिगड़ी तो जिला अस्पताल किया गया रेफर
चांपा अस्पताल में उपचार के बावजूद युवक की हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे जांजगीर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां गुरुवार सुबह करीब 8 बजे इलाज के दौरान कुल्लू की मौत हो गई। परिजनों को युवक की मौत की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
परिजनों ने लगाया मारपीट और प्रताड़ना का आरोप
मौत से आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग चांपा थाने पहुंच गए और घेराव कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस हिरासत में युवक के साथ मारपीट की गई और उसे प्रताड़ित किया गया, जिसके कारण उसकी तबीयत बिगड़ी। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कुल्लू अपने पीछे पांच बच्चों को छोड़ गया है। युवक की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का कहना है कि परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले पिता की मौत से पांचों बच्चों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
एसपी ने लिया एक्शन, आरक्षक निलंबित
थाने के घेराव और बढ़ते आक्रोश के बीच एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अब मामले में पुलिस हिरासत के दौरान युवक की तबीयत बिगड़ने और उसकी मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच पर नजर है।




