#प्रदेश

जांजगीर-चांपा में पिकनिक के दौरान बड़ा हादसा, हसदेव नदी में डूबे 3 छात्र; एक का शव बरामद

Advertisement Carousel

 

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पिकनिक मनाने पहुंचे कॉलेज छात्रों के साथ शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बलौदा थाना क्षेत्र के देवरी गांव स्थित हसदेव नदी में तीन छात्र डूब गए। शनिवार को रेस्क्यू टीम ने एक छात्र का शव बरामद कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश अभी जारी है।

सेल्फी के दौरान फिसला पैर, बचाने उतरे दो दोस्त भी बहे

बताया जा रहा है कि बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी-फार्मा प्रथम वर्ष के 4 छात्र और 4 छात्राएं शुक्रवार को देवरी पिकनिक स्पॉट पहुंचे थे। इसी दौरान पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू नदी किनारे फोटो खींचने के लिए गए।

इसी बीच एक छात्र का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के लिए दोनों दोस्तों ने भी नदी में छलांग लगा दी, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि तीनों ही बह गए।

बढ़े जलस्तर ने बढ़ाई रेस्क्यू टीम की मुश्किलें

हादसे की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद SDRF की टीम को बुलाकर तलाश अभियान शुरू किया गया।

लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी परेशानी आई। अंधेरा होने के कारण रात में अभियान रोकना पड़ा। शनिवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

एक शव मिला, दो छात्रों की तलाश जारी

रेस्क्यू टीम ने शनिवार को पवन लाल निवासी चिरमिरी का शव बरामद कर लिया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।वहीं, सचिन सिंह और मुरारी साहू की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है।

देवरी पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

देवरी क्षेत्र का यह पिकनिक स्पॉट हर साल बड़ी संख्या में लोगों को आकर्षित करता है। स्थानीय स्तर पर यहां पहले भी नदी में डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद नदी किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

ऐसे हादसों को रोकने के लिए नदी किनारे सुरक्षा बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बताई जा रही है।