#प्रदेश

जर्जर पिलर से गिरा लोहे का गेट, 7 साल के मासूम की मौत; स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल

Advertisement Carousel

 

धरसीवा। राजधानी रायपुर से लगे हथबंद गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय बच्चे की जान चली गई। स्वामी आत्मानंद स्कूल के मुख्य गेट का भारी लोहे का दरवाजा जर्जर पिलर से टूटकर अचानक बच्चे के ऊपर जा गिरा। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

रिश्तेदारों के यहां आया था शिवम

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के रतनपुर निवासी 7 वर्षीय शिवम यादव पिता नन्हीं यादव अपने रिश्तेदारों के यहां हथबंद आया हुआ था। शनिवार को वह स्वामी आत्मानंद स्कूल के मुख्य गेट के पास खेल रहा था। इसी दौरान जर्जर पिलर पर लगा लोहे का गेट अचानक भरभराकर उसके ऊपर गिर गया।

गेट की चपेट में आने से शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इलाज के प्रयासों के बीच मासूम की मौत हो गई।

लंबे समय से जर्जर था गेट

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल का पिलर और उससे जुड़ा गेट लंबे समय से खराब हालत में था। इसकी मरम्मत को लेकर ग्रामीणों द्वारा स्कूल प्रबंधन को पहले भी अवगत कराने की बात सामने आई है। इसके बावजूद समय रहते मरम्मत नहीं होने से आखिरकार बड़ा हादसा हो गया।

जांच के आदेश, अब जिम्मेदारी पर सवाल

घटना के बाद सिमगा एडीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि गेट और पिलर की स्थिति की जानकारी स्कूल प्रबंधन को थी या नहीं और सुरक्षा को लेकर समय रहते क्या कदम उठाए गए थे।

हादसे ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावक और ग्रामीण यह जानना चाहते हैं कि जर्जर ढांचे को लेकर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है। जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की तस्वीर साफ होगी।