#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बारिश की रफ्तार होगी धीमी, कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार; रायपुर में 32°C पहुंचेगा पारा

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश से परेशान लोगों को अब थोड़ी राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 14 सितंबर से प्रदेश में मानसून की सक्रियता कम होने लगेगी और बारिश की तीव्रता में कमी आएगी। हालांकि अगले 24 घंटे के दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। बीते 24 घंटे में बस्तर संभाग के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

प्रदेश में सामान्य रही बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य के आसपास रही है। बारिश सामान्य से करीब 4 फीसदी कम दर्ज की गई है। सोमवार से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

बीते 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई।

रायपुर में 32 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान

राजधानी रायपुर में 14 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।

प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक 30.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रहा।

बस्तर संभाग में जमकर बरसे बादल

रविवार को बस्तर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। बड़े बचेली और कोंटा में 8-8 सेमी, कटेकल्याण में 7 सेमी, सुकमा में 6 सेमी तथा फरसगांव, कुटरू और साल्हेवार में 5-5 सेमी बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा बारसूर, औंधी, धनोरा, कांकेर और कुआकोंडा में 4-4 सेमी पानी बरसा। डौंडी, छुईखदान, भैरमगढ़, गंडई, छुरिया, मैनपुर, बेलगहना, दंतेवाड़ा, मर्दापाल, अंबागढ़ चौकी, दरभा और बीजापुर समेत कई स्थानों पर 3-3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

14 सितंबर से मिलेगी बारिश से राहत

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकती हैं। हालांकि कुछ क्षेत्रों में बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रहेगा।