#प्रदेश

CG News: छत्तीसगढ़ में पहली बार राज्य स्तरीय AI Conclave, शिक्षा व्यवस्था को AI से मिलेगी नई दिशा; तैयार होगा रोडमैप

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने स्कूली शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में गुरुवार को राज्य स्तरीय AI Conclave का आयोजन किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, विद्यालयीन शिक्षा के स्तर पर AI के प्रभावी उपयोग की पहल करने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बन गया है।

कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य तकनीक के जरिए स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना, शिक्षकों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए नई संभावनाएं तलाशना रहा।

ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूल से जोड़ने वाला ऐप लॉन्च

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने शाला त्यागी बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए तैयार किए गए ‘लाईका चिन्हारी’ ऐप का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि कॉन्क्लेव में सामने आए तकनीकी समाधानों और निष्कर्षों का उपयोग शिक्षकों की मदद और विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए किया जाएगा।

AI शिक्षक की जगह नहीं लेगा, बनेगा मददगार

स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलजीत सिंह ने कहा कि तकनीक के इस दौर में AI का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि AI को शिक्षक के विकल्प के रूप में नहीं, बल्कि उनके सहायक के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। स्थानीय जरूरतों और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर तालमेल से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया जाएगा।

स्मार्ट क्लास और ICT लैब को AI से मिलेगी नई ताकत

समग्र शिक्षा की आयुक्त डॉ. किरण कौशल ने कहा कि AI की मदद से प्रदेश के स्मार्ट क्लास और ICT लैब का ज्यादा प्रभावी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसका उद्देश्य बच्चों तक शिक्षा को सरल, सुगम और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।

Google, Microsoft समेत कई संस्थानों ने लिया हिस्सा

AI Conclave में देश और विदेश के कई प्रमुख तकनीकी संस्थानों और कंपनियों के विशेषज्ञ शामिल हुए। Google, Wadhwani AI, Amazon, Microsoft, Adobe, Khan Academy, Physics Wallah के साथ IIT Bhilai, IIM Raipur, NIT Raipur और CHiPS के विशेषज्ञों ने AI और शिक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रस्तुतियां दीं।

कॉन्क्लेव के बाद तैयार होगा AI रोडमैप

कार्यक्रम में सामने आए नवाचारों और तकनीकी समाधानों का अध्ययन करने के बाद छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग के लिए व्यापक AI रोडमैप तैयार किया जाएगा। इसमें शिक्षकों के लिए AI आधारित सहायक संसाधन विकसित करने, तकनीक के बेहतर इस्तेमाल और स्कूल शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा तय की जाएगी।