Bilaspur Road Accident: घर के बाहर खड़े तीन लोगों को मालवाहक वाहन ने रौंदा, दो सगे भाइयों की मौत; एक घायल

बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र के भटगांव में शुक्रवार को तेज रफ्तार मालवाहक वाहन ने घर के सामने खड़े तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि दो सगे भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
बातचीत कर रहे थे तीनों, तभी हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि तीनों लोग घर के बाहर खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार मालवाहक वाहन वहां से गुजरा। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े तीनों लोगों से जा टकराया।
टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो भाइयों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
वाहन छोड़कर चालक फरार
घटना के बाद मालवाहक वाहन का चालक मौके पर ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर बिल्हा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और वाहन चालक का नियंत्रण कैसे बिगड़ा, इसकी जांच की जा रही है। फरार चालक की तलाश में भी पुलिस जुटी हुई है।




