डॉ. तपेश चंद्र गुप्ता को राष्ट्रीय ‘गुरुविशिष्ट’ सम्मान, उत्कृष्ट शोध और शोध निर्देशन के लिए मिला सम्मान

रायपुर। दयानंद सागर प्रबंध संस्थान, बैंगलोर की ओर से शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिवर्ष देशभर के ख्यातिलब्ध प्राध्यापकों एवं प्राचार्यों को प्रदान किए जाने वाले ‘गुरुविशिष्ट’ सम्मान से इस वर्ष प्रदेश के डॉ. तपेश चंद्र गुप्ता, अपर संचालक, उच्च शिक्षा विभाग को सम्मानित किया गया है।
डॉ. गुप्ता को यह सम्मान उनके उल्लेखनीय शोध पत्र लेखन एवं उत्कृष्ट शोध निर्देशन के लिए प्रदान किया गया है। उनके शोध कार्य और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस मान्यता से शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है।
अमेरिका, सिंगापुर और भूटान में भी हो चुके हैं सम्मानित
डॉ. तपेश चंद्र गुप्ता को इससे पहले अमेरिका, सिंगापुर और भूटान में भी शोध कार्य एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया जा चुका है। शिक्षा और शोध के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान को विभिन्न मंचों पर सराहा गया है।
बताया गया है कि ‘गुरुविशिष्ट’ सम्मान के लिए डॉ. गुप्ता के नाम का चयन उनके शोधपत्र में उल्लिखित नाम के आधार पर किया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त इस सम्मान को उनके शैक्षणिक एवं शोध कार्यों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।





