Radha Ashtami 2026: जैतू साव मठ में श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाई गई राधा अष्टमी, राधारानी के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

रायपुर। पुरानी बस्ती स्थित जैतू साव मठ में राधा अष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मठ परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मठ पहुंचे और राधारानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
विशेष श्रृंगार से सजा राधा-कृष्ण दरबार
राधा अष्टमी के अवसर पर मठ में भगवान श्रीराधा-कृष्ण का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति और आध्यात्मिक माहौल बना रहा। भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालु राधारानी के जयकारे लगाते नजर आए।
पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। स्थानीय श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों ने उत्साह के साथ धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।
मठ के श्री महंत रामसुंदर दास जी महाराज ने कहा कि राधा अष्टमी के अवसर पर हर वर्ष मठ में विशेष धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। इस वर्ष भी परंपरा के अनुरूप आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ सहभागिता की। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यह धार्मिक परंपरा निरंतर चलती रहे, यही प्रभु से प्रार्थना है।
ट्रस्ट कमेटी ने जताया आभार
ट्रस्ट कमेटी के सदस्य अजय तिवारी ने आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में ट्रस्ट कमेटी के सचिव दाऊ महेंद्र अग्रवाल, अजय अग्रवाल, जगन्नाथ अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, दीपक पाठक, सुमित सहित महिला मंडल कीर्तन समिति के सदस्यों और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।





