#प्रदेश

CG Accident: बालोद में कर्मचारियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी, एक युवक की मौत, 20 से ज्यादा घायल

Advertisement Carousel

 

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। करहीभदर के पास कर्मचारियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

बालोद से धमतरी जा रही थी बस

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस धमतरी की डीआरडी कंपनी की बताई जा रही है। बस में कंपनी के बड़ी संख्या में कर्मचारी सवार थे। शनिवार सुबह बस बालोद से धमतरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान करहीभदर के पास बस अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी और राहत कार्य में मदद की।

एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव

हादसा इतना गंभीर था कि मृतक के शव को बस से बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे बाद शव को बस से बाहर निकाला जा सका।

वहीं घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह?

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी में बस की तेज रफ्तार को दुर्घटना की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि हादसा किस कारण हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ मृतक की पहचान और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।