#प्रदेश

EECON 2026: रायपुर में इवेंट इंडस्ट्री का महाकुंभ शुरू, डिप्टी CM अरुण साव ने किया शुभारंभ; 300 से ज्यादा प्रतिभागी ले रहे हिस्सा

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ के पहले राज्य-स्तरीय इवेंट कॉन्क्लेव ‘ईकॉन 2026’ (EECON’26) का शुक्रवार को भव्य आगाज हुआ। इवेंट एंड एंटरटेनमेंट मैनेजमेंट एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ (ईमैक) की ओर से आयोजित दो दिवसीय कॉन्क्लेव का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राष्ट्रीय संस्था ईमा और सीओआरईए के सहयोग से आयोजित इस आयोजन में देशभर से 300 से अधिक प्रतिभागी और 18 से ज्यादा राष्ट्रीय वक्ता शामिल हो रहे हैं।

पंथी नृत्य से हुआ उपमुख्यमंत्री का स्वागत

वीआईपी रोड स्थित ‘द वाहे-बैंक्वेट एंड रिसॉर्ट्स’ में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव का स्वागत पारंपरिक पंथी नृत्य, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया। उद्घाटन से पहले उन्होंने आयोजन स्थल पर लगाए गए इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन का अवलोकन किया और स्थानीय व राष्ट्रीय प्रदर्शकों के उत्पादों और नवाचारों की जानकारी ली।

‘इवेंट सेक्टर संस्कृति और आजीविका से जुड़ा’

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी उत्सव परंपराओं, लोक संस्कृति और विविध आयोजनों के लिए जाना जाता है। राज्योत्सव, हरेली, पंथी, राउत नाचा और बस्तर के जनजातीय पर्वों जैसी सांस्कृतिक परंपराओं को बड़े मंचों तक पहुंचाने में इवेंट इंडस्ट्री की भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि इवेंट सेक्टर केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है। इससे डेकोरेशन, टेंट, साउंड-लाइट, कैटरिंग, परिवहन, हॉस्पिटैलिटी और लोक कलाकारों समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को रोजगार और आजीविका मिलती है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नया रायपुर का इंफ्रास्ट्रक्चर और चित्रकोट, बारनवापारा व मैनपाट जैसे पर्यटन स्थल छत्तीसगढ़ को डेस्टिनेशन वेडिंग, राष्ट्रीय सम्मेलनों और सांस्कृतिक पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने इवेंट इंडस्ट्री से सुरक्षा मानकों और नियमों का पालन करते हुए पेशेवर तरीके से काम करने का आह्वान किया।

इवेंट इंडस्ट्री के विस्तार पर राउंड टेबल चर्चा

उद्घाटन के बाद उपमुख्यमंत्री ने EEMA और EEMAC के राष्ट्रीय व राज्य प्रतिनिधियों के साथ विशेष राउंड टेबल बैठक में हिस्सा लिया। इसमें छत्तीसगढ़ में इवेंट उद्योग के विस्तार, व्यावसायिक मानकों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में EEMA के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विपुल अग्रवाल, EEMA वेस्ट के उपाध्यक्ष हर्षल कोठारी, छत्तीसगढ़ टेंट ओनर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह दुआ, डीवी प्रोजेक्ट्स के उपाध्यक्ष मानस अग्रवाल, द वाहे के डायरेक्टर अनिकेत तिवारी, EEMAC के मुख्य संस्थापक संरक्षक योगेश अग्रवाल और अध्यक्ष नवल तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

24 श्रेणियों में दिए गए अवॉर्ड

आयोजन समिति के अध्यक्ष भावार्थ वारेतवार के अनुसार, कॉन्क्लेव के पहले दिन की-नोट संबोधन के साथ तीन विशेष तकनीकी ज्ञान सत्र आयोजित किए गए। इसके बाद दो चरणों में अवॉर्ड्स नाइट का आयोजन हुआ, जिसमें इवेंट इंडस्ट्री में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को 24 श्रेणियों में EEMAC Signature Awards प्रदान किए गए।पहले दिन का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नेटवर्किंग कार्यक्रम के साथ हुआ।

आज होगा ड्रोन शो, समापन समारोह में CM विष्णुदेव साय होंगे शामिल

कॉन्क्लेव के दूसरे दिन 19 सितंबर को पैनल परिचर्चा, केस स्टडी और अन्य तकनीकी सत्र आयोजित होंगे। कार्यक्रम में 300 ड्रोन का विशेष शो भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

ईकॉन 2026 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान EEMA के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक चौधरी मुख्य वक्तव्य देंगे।