#प्रदेश

Bijapur Naxal News: जमीन के नीचे छिपा था नक्सलियों का हथियार डंप, AK-47 समेत 4 हथियार और 76 जिंदा कारतूस बरामद

Advertisement Carousel

 

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ क्षेत्र के उतला जंगल में सर्चिंग के दौरान जवानों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सलियों का हथियार डंप बरामद किया है। डंप से AK-47 समेत 4 हथियार, मैगजीन और 76 जिंदा कारतूस मिले हैं।

सर्चिंग के दौरान जमीन के नीचे मिला डंप

पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल) अमन झा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। सूचना के आधार पर भैरमगढ़ थाना पुलिस और डीआरजी की टीम को उतला गांव के जंगलों में सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था।

सर्चिंग के दौरान जवानों को एक स्थान संदिग्ध लगा। तलाशी लेने पर जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सली डंप सामने आया। जवानों ने सावधानीपूर्वक हथियार और अन्य सामग्री को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला।

नक्सली डंप से क्या-क्या मिला?
1 AK-47 रायफल
1 .315 बोर रायफल
1 सिंगल शॉट रायफल
1 9 एमएम पिस्टल
2 AK-47 मैगजीन
45 AK-47 जिंदा राउंड
25 9 एमएम जिंदा राउंड
6 .315 बोर रायफल के जिंदा राउंड

बरामद हथियार, कारतूस और अन्य सामग्री को भैरमगढ़ थाना लाया गया है। पुलिस की ओर से मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना

पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और उनसे संगठन की गतिविधियों को लेकर पूछताछ की जाती है। आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभिन्न कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।

इसी पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर भैरमगढ़ क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया गया, जिसमें जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया यह नक्सली हथियार डंप बरामद करने में सफलता मिली।