Lakhimpur Kheri News: स्कूल में शिक्षिका की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने खुद को भी मारी गोली; बच्चों के सामने हुई वारदात

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह एक स्कूल परिसर में गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के चिल्ड्रेन अकादमी स्कूल में एक युवक ने शिक्षिका को गोली मार दी। इसके बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के समय स्कूल में बच्चे मौजूद थे, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
क्लासरूम के बाहर शिक्षिका को मारी गोली
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नौरंगाबाद निवासी मोहम्मद सऊद अंसारी स्कूल परिसर में पहुंचा और पहली मंजिल पर गया। यहां क्लासरूम के बाहर उसकी शिक्षिका निशात फातिमा से कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपी ने तमंचे से शिक्षिका को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली।गोली चलने की आवाज से स्कूल में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
स्कूल में पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल स्कूल पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है।
पुलिस ने स्कूल स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद एहतियात के तौर पर सभी बच्चों को उनके घर भेज दिया गया।
प्रेम प्रसंग का एंगल, पुलिस कर रही जांच
पुलिस को शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने का शक है। शिक्षिका निशात फातिमा हिदायत नगर की रहने वाली थीं, जबकि सऊद अंसारी नौरंगाबाद का निवासी बताया जा रहा है। दोनों के मोहल्ले आसपास बताए जा रहे हैं।
हालांकि, पुलिस ने अभी इस एंगल की पुष्टि नहीं की है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
SP ने बताया- पहले हुई कहासुनी
पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग के मुताबिक, युवक स्कूल परिसर में आया और पहली मंजिल पर पहुंचा। वहां क्लासरूम के बाहर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद युवक ने शिक्षिका को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।




