#प्रदेश

Bhilai Steel Plant Accident: ब्लास्ट फर्नेस-6 में बड़ा हादसा, पुशर कार की चपेट में आने से ठेका कर्मी की मौत

Advertisement Carousel

 

दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के ब्लास्ट फर्नेस-6 के यांत्रिकी विभाग में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। खराबी की जांच के दौरान अचानक चली पुशर कार की चपेट में आने से एक ठेका कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 47 वर्षीय विनोद कुमार के रूप में हुई है। वह मेसर्स सहिकॉन इंजीनियरिंग एंड ट्रेडिंग में एसएसडब्ल्यू के पद पर ‘ए’ शिफ्ट में कार्यरत था।

पुशर कार-2 में आई थी खराबी

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे ब्लास्ट फर्नेस-6 की पुशर कार-2 में खराबी की सूचना ऑपरेशन शिफ्ट प्रभारी ने मैकेनिकल पाली प्रभारी को दी। इसके बाद मैकेनिकल पाली प्रभारी ने विनोद कुमार को पुशर कार-2 की तकनीकी खराबी की जांच के लिए भेजा।

जांच के दौरान अचानक चल पड़ी पुशर कार

विनोद कुमार पुशर कार में आई खराबी की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुशर कार अचानक चल पड़ी और वह उसकी चपेट में आ गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद विनोद कुमार को तत्काल एंबुलेंस से एमएमपी-1 ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने करीब सुबह 9 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद संयंत्र के संबंधित विभाग में हड़कंप मच गया। घटना को लेकर आगे की जांच की जा रही है।