Big News : नवा रायपुर में मंत्रालय कर्मचारियों की बस में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

रायपुर। नवा रायपुर से बुधवार शाम बड़ी खबर सामने आई, जहां मंत्रालय के कर्मचारियों को लेकर लौट रही बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गया। हादसा राखी थाना क्षेत्र में हुआ। राहत की बात रही कि बस में सवार सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
छुट्टी के बाद कर्मचारियों को लेकर लौट रही थी बस
जानकारी के मुताबिक मंत्रालय में छुट्टी होने के बाद बस क्रमांक 3073 कर्मचारियों को लेकर रवाना हुई थी। इसी दौरान अचानक बस में आग लग गई। आग लगते ही कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि समय रहते सभी को बस से बाहर उतार लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बसों के मेंटेनेंस पर कर्मचारी संघ ने उठाए सवाल
घटना के बाद मंत्रालय कर्मचारी संघ ने बसों के रखरखाव को लेकर सवाल उठाए हैं। संघ के अध्यक्ष चंद्रकांत पाण्डेय ने बताया कि कर्मचारियों को लेकर लौट रही बस में अचानक आग लगी, लेकिन गनीमत रही कि सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि बसों के मेंटेनेंस को लेकर रजिस्ट्रार शाखा के अधिकारियों से कई बार मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया गया था, इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ।
चंद्रकांत पाण्डेय ने कहा कि कर्मचारी संघ इस मामले को लेकर गुरुवार को मुख्य सचिव और सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव से मुलाकात करेगा और समस्याओं से अवगत कराएगा। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी संघ आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।





