#प्रदेश

गणेश विसर्जन झांकियों को लेकर पुलिस की अहम बैठक, आयोजकों को दिए सख्त निर्देश; सदर बाजार रूट पर बनी सहमति

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी में गणेश विसर्जन झांकियों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बुधवार को गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों के साथ अहम बैठक की। C-4 भवन में दोपहर 3 बजे हुई बैठक में पुलिस के साथ जिला प्रशासन, नगर निगम, PWD, स्वास्थ्य विभाग और SDRF के अधिकारी मौजूद रहे।

रूट, समय और व्यवस्था को लेकर निर्देश

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने झांकी आयोजकों को निर्धारित रूट, समय और क्रम का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही झांकियों को रास्ते में अनावश्यक रूप से रोकने से बचने और पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स तैनात करने को कहा गया।

वॉलंटियर्स को पहचान पत्र उपलब्ध कराने और झांकी के दौरान पुलिस एवं यातायात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने पर भी जोर दिया गया।

नशा और हथियार पर सख्ती

पुलिस ने स्पष्ट किया कि झांकी के दौरान नशे का सेवन नहीं किया जाएगा। किसी भी तरह के हथियार या धारदार वस्तु साथ रखने पर रोक रहेगी। DJ और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाएगा।

इसके अलावा एंबुलेंस समेत आपातकालीन वाहनों और पीछे से आने वाली झांकियों के लिए रास्ता खुला रखने के निर्देश दिए गए।

सदर बाजार के जर्जर भवनों पर खास चर्चा

बैठक में सदर बाजार क्षेत्र के जर्जर भवनों को लेकर विशेष चर्चा हुई। पुलिस, नगर निगम और SDRF अधिकारियों ने झांकियों के मार्ग में मौजूद संभावित सुरक्षा जोखिमों की जानकारी आयोजकों को दी।

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन की ओर से झांकियों के रूट में बदलाव का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों ने प्रस्तावित रूट परिवर्तन पर सहमति नहीं जताई।

साउंड और वाइब्रेशन को लेकर आयोजकों की सहमति

रूट नहीं बदलने के बावजूद आयोजकों ने सदर बाजार क्षेत्र में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ध्वनि यंत्रों का साउंड निर्धारित मानकों के भीतर रखने पर सहमति जताई। साथ ही DJ के बेस और वाइब्रेशन मोड को बंद रखने पर भी सहमति बनी।

आयोजकों ने पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और SDRF की ओर से जारी किए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का भरोसा दिया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि गणेश विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। पुलिस ने सभी समितियों से अपने पदाधिकारियों और वॉलंटियर्स को निर्देशों की जानकारी देने तथा विसर्जन के दौरान प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।