#प्रदेश

Raipur Flood: बाढ़ प्रभावित इलाकों में NDRF-SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन, 239 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और एसडीएम नंद कुमार चौबे के मार्गदर्शन में भाठागांव और चन्दनीडीह से अब तक 239 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

प्रशासन की टीमें भाठागांव, चन्दनीडीह, दतरेंगा और काठाडीह में बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ ही राहत शिविरों में भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

भाठागांव में 54 लोगों का रेस्क्यू

ग्राम भाठागांव में नायब तहसीलदार प्रवीण परमार और नगर निगम जोन क्रमांक-6 के जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव की मौजूदगी में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। यहां से 54 नागरिकों को सुरक्षित निकालकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक भवन में ठहराया गया है।

राहत शिविर में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए नाश्ता, भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई है। वहीं केशरी बगीचा, बीजीआर पेट्रोल पंप और हरिओम नगर क्षेत्र में भी बचाव अभियान जारी है।

चन्दनीडीह में 185 लोगों को निकाला गया

ग्राम चन्दनीडीह में नायब तहसीलदार सौरभ कश्यप और नगर निगम जोन क्रमांक-8 के कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा की मौजूदगी में एनडीआरएफ की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है। यहां अब तक 185 नागरिकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है।

काठाडीह में भी रेस्क्यू अभियान जारी

ग्राम काठाडीह में एसडीएम नंद कुमार चौबे, एनडीआरएफ कमांडिंग ऑफिसर मेजर पवन जोशी और रायपुर तहसीलदार राममूर्ति दीवान की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रही है।

प्रशासन के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। अधिकारी और बचाव दल मौके पर तैनात हैं और स्थिति के अनुसार प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।