#प्रदेश

IG Dangi Case: IPS दीपांशु काबरा और पारुल माथुर करेंगे IG रतनलाल डांगी पर लगे शोषण के आरोपों की विभागीय जांच

Advertisement Carousel

 

रायपुर। आईजी रतनलाल डांगी पर महिला योगा टीचर द्वारा लगाए गए शोषण के आरोपों का मामला अब विभागीय जांच के चरण में पहुंच गया है। सूत्रों के अनुसार, शासन ने मामले की विभागीय जांच के लिए सीनियर एडीजी दीपांशु काबरा और आईपीएस पारुल माथुर को जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पहले विभागीय जांच टीम में आईपीएस प्रशांत अग्रवाल का नाम चर्चा में था, लेकिन शासन ने उनकी जगह महिला अधिकारी पारुल माथुर को जांच टीम में शामिल किया है।

आनंद छाबड़ा और मिलना कुर्रे कर चुके हैं प्रारंभिक जांच

आईजी रतनलाल डांगी पर लगे आरोपों की शुरुआती जांच आईपीएस आनंद छाबड़ा और मिलना कुर्रे ने की थी। सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आरोपों को प्रथम दृष्टया सही पाए जाने संबंधी रिपोर्ट शासन को सौंपी गई थी। इसके बाद शासन स्तर पर आईजी डांगी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी।

प्रारंभिक जांच करने वाले अफसर नहीं करेंगे विभागीय जांच

बताया जा रहा है कि एक ही मामले में प्रारंभिक जांच करने वाले अधिकारियों को विभागीय जांच की जिम्मेदारी नहीं दी जाती। इसी वजह से पुलिस मुख्यालय ने गृह विभाग को विभागीय जांच के लिए एडीजी दीपांशु काबरा और प्रस्तुतकर्ता अधिकारी के तौर पर आईपीएस पारुल माथुर के नाम प्रस्तावित किए थे।

शासन ने मंजूर किया पुलिस मुख्यालय का प्रस्ताव

भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार, शासन ने पुलिस मुख्यालय की अनुशंसा पर दोनों अधिकारियों को आईजी रतनलाल डांगी से जुड़े इस मामले की विभागीय जांच की जिम्मेदारी सौंपने का आदेश जारी कर दिया है। अब विभागीय जांच के दौरान आरोपों से जुड़े तथ्यों, दस्तावेजों और संबंधित पक्षों के बयानों की जांच की जाएगी।हालांकि, मामले में लगे आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।