#प्रदेश

कवर्धा शहर में घुसा तेंदुआ, स्नेहा क्लीनिक के पास दिखने से मचा हड़कंप; रेस्क्यू में जुटी वन विभाग की टीम

Advertisement Carousel

 

कवर्धा। शहर के बीचोंबीच तेंदुआ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में स्नेहा क्लीनिक के पास तेंदुआ नजर आने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।

तेंदुआ देखने उमड़ी लोगों की भीड़

बताया जा रहा है कि तेंदुआ जंगल से भटककर शहर की ओर पहुंच गया। जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई। तेंदुए को देखने के लिए मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देखते हुए वन विभाग की टीम लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दे रही है।

DFO समेत वन विभाग की टीम मौके पर

तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। DFO की मौजूदगी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। टीम तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

लोगों से घरों में रहने की अपील

वन विभाग ने इलाके के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और तेंदुए के करीब जाने या उसे देखने के लिए भीड़ न लगाएं। फिलहाल वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने में जुटी हुई है।