#प्रदेश

Dhamtari News: दो पिकअप में ठूंस-ठूंसकर भरे थे मवेशी, 12 जिंदा बरामद; एक की मौत, तस्कर फरार

Advertisement Carousel

 

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पशु तस्करी का मामला सामने आया है। मगरलोड थाना क्षेत्र में दो पिकअप वाहनों से 12 मवेशियों को बरामद किया गया है। इनमें से एक मवेशी मृत मिला। घटना के बाद दोनों वाहनों को पुलिस ने जब्त कर लिया है, जबकि कथित तस्कर मौके से फरार बताए जा रहे हैं।

एक पिकअप पलटी मिली, दूसरी में ठूंस-ठूंसकर भरे थे मवेशी

मामला मगरलोड थाना क्षेत्र के डाभा-दोनर मार्ग का है। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने सड़क किनारे मवेशियों से भरी एक पिकअप वाहन को पलटा हुआ देखा। वहीं कुछ दूरी पर एक दूसरी पिकअप खड़ी मिली, जिसमें भी मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था।

ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मगरलोड थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने लाया गया।

12 मवेशी जीवित, एक मृत मिला

पुलिस की जांच के दौरान दोनों पिकअप वाहनों से कुल 12 मवेशी जीवित बरामद हुए, जबकि एक मवेशी मृत अवस्था में मिला। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पिकअप वाहन पलटने के दौरान उसकी मौत हुई होगी।

अज्ञात तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मौके से फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था।

घटना के बाद क्षेत्र में एक बार फिर पशु तस्करी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बीच पुलिस के सामने तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने की चुनौती बनी हुई है।