#प्रदेश

‘क्या अब मुझे एक-एक ब्रिज और सड़क देखना पड़ेगा?’ महानदी पुल की बदहाली पर अरुण साव का फूटा गुस्सा

Advertisement Carousel

 

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरगुजा प्रवास के दौरान प्रतापपुर-अंबिकापुर-खड़गवां मार्ग पर स्थित महानदी पुल का औचक निरीक्षण किया। पुल पर सड़क की बदहाल स्थिति देखकर उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए और साफ कहा कि अधिकारियों को अब एसी कमरों से बाहर निकलकर मैदान में उतरना होगा।

‘इतना बड़ा ब्रिज है और उसकी ये दुर्दशा?’

निरीक्षण के दौरान पुल की खराब सड़क को देखकर अरुण साव ने अधिकारी से नाराजगी जताते हुए कहा, “क्या अब मुझे एक-एक ब्रिज, एक-एक सड़क को देखना पड़ेगा?” उन्होंने कहा कि न तो सेंक्शन में कोई दिक्कत है और न ही कहीं कोई परेशानी है, फिर भी मुख्य मार्ग के इतने बड़े पुल की यह स्थिति बनी हुई है।

उन्होंने अधिकारियों से सवाल करते हुए कहा, “इतना बड़ा ब्रिज है और उसकी ये दुर्दशा, मेन रोड के ब्रिज की ये हालत बनाकर रखे हो। इससे एक्सीडेंट होगा कि नहीं? क्या एक्सीडेंट का इंतजार कर रहे हो?”

‘बार-बार बोलने के बाद भी समझ नहीं आता’

उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह समस्या आज की नहीं है। अधिकारियों को बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “मुझे आकर देखना पड़ेगा एक-एक ब्रिज, एक-एक सड़क। आज का तो हुआ नहीं है। बार-बार बोलने के बाद समझ नहीं आता है।”

‘एसी कमरे से बाहर निकलकर मैदान में उतरें अधिकारी’

अरुण साव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण करें और सड़कों व पुलों की स्थिति पर गंभीरता से काम करें। उन्होंने कहा कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने सरगुजा के अधिकारियों को दो टूक संदेश देते हुए कहा कि एसी कमरों में बैठकर काम करने के बजाय मैदान में उतरें और सड़कों-पुलों की वास्तविक स्थिति देखें। उन्होंने महान नदी पुल की सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।