Lucknow Congress: पदभार ग्रहण समारोह में हंगामा, अजय राय नाराज होकर कार्यालय के बाहर बैठे; समर्थकों में धक्कामुक्की

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और इमरान मसूद के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान अचानक विवाद की स्थिति बन गई। कार्यक्रम के बीच पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के साथ एक महिला कांग्रेस नेता द्वारा कथित बदसलूकी किए जाने की बात सामने आने के बाद उनके समर्थक नाराज हो गए। देखते ही देखते मामला हंगामे और धक्कामुक्की तक पहुंच गया।
नाराज होकर कार्यालय के बाहर बैठे अजय राय
विवाद के बाद अजय राय कांग्रेस कार्यालय से बाहर आकर बैठ गए। उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी तीखी बहस और धक्कामुक्की हुई। इस दौरान कथित तौर पर जूते चलने की स्थिति भी बन गई। हंगामा बढ़ता देख वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी अजय राय को समझाने और शांत कराने में जुटे रहे।
पदभार ग्रहण कार्यक्रम के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की तैयारी चल रही थी, लेकिन नाराज अजय राय प्रेस वार्ता में शामिल होने के लिए कार्यालय के अंदर नहीं गए।
आराधना मिश्रा बोलीं- संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जरूरी
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने प्रेस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि यह समय केवल स्वागत और सम्मान का नहीं, बल्कि संघर्ष का है। कांग्रेस का इतिहास स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राष्ट्र निर्माण तक संघर्ष और बलिदान से जुड़ा रहा है। पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को इसी परंपरा को आगे बढ़ाना होगा।
‘पूरी निष्ठा से निभाएंगी जिम्मेदारी’
आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया गठबंधन के सांसद एवं कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प जताया।
प्रमोद तिवारी बोले- मोना के नेतृत्व में कांग्रेस करेगी वापसी
आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने पर वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि मोना का पूरा राजनीतिक जीवन कांग्रेस में बीता है। उन्होंने पंचायत सदस्य से लेकर विधायक और अब प्रदेश संगठन के सर्वोच्च पद तक का सफर तय किया है।
प्रमोद तिवारी ने भरोसा जताया कि आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में कांग्रेस उत्तर प्रदेश में फिर मजबूती से वापसी करेगी।




