#प्रदेश

CG News: मुंगेली में दर्दनाक सड़क हादसा, विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई समेत तीन की मौत; पिकअप चालक फरार

Advertisement Carousel

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के दशरंगपुर गांव में गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।

मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे अधीन मोहले

जानकारी के अनुसार, हादसा विधायक पुन्नूलाल मोहले के गृह ग्राम दशरंगपुर में हुआ। अधीन मोहले भी इसी गांव के आवासपारा निवासी थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह वह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान घर के बाहर सड़क किनारे कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे।

तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में अधीन मोहले के अलावा बल्लू बघेल, पिता तिजऊ राम और रेहुंटा निवासी गंगा राम की भी मौत हो गई।

टक्कर के बाद पिकअप चालक फरार

हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस को एक पिकअप वाहन के तखतपुर की ओर से मुंगेली जाने की जानकारी मिली है। सीसीटीवी फुटेज में भी एक पिकअप वाहन नजर आने की बात सामने आई है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान करने और चालक की तलाश में जुटी है। हालांकि, फुटेज में दिखाई दे रहे वाहन की हादसे में संलिप्तता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

जिला अस्पताल पहुंचे विधायक पुन्नूलाल मोहले

हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक पुन्नूलाल मोहले जिला अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्होंने तीनों मृतकों को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही भाजपा नेता, कार्यकर्ता और विधायक के समर्थक भी अस्पताल पहुंचे।

एक ही हादसे में तीन लोगों की मौत से दशरंगपुर और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आज दोपहर 3 बजे होगा अंतिम संस्कार

अधीन मोहले का अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर 3 बजे उनके गृह ग्राम दशरंगपुर में किया जाएगा। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस फरार पिकअप और उसके चालक की तलाश के साथ मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदार चालक के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।