#प्रदेश

Durg Steel Plant Accident: जेडी स्टील प्लांट में 1600 डिग्री गर्म पिघला लोहा गिरने से ठेकेदार की मौत, भयावह वीडियो वायरल

Advertisement Carousel

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के बोरई-रसमड़ा स्थित जेडी स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसे में ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मशीन से निकला करीब 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक बिहार के पूर्वी चंपारण के निवासी थे। हादसे के बाद प्लांट में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

मशीन का नोजल नीचे आने से हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, घटना 17 अक्टूबर की बताई जा रही है। ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव प्लांट में ठेकेदारी का काम करते थे। देर रात टिंडिस मशीन के एक हिस्से का नोजल अचानक नीचे आ गया। इसी दौरान करीब 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गए।

सेक्टर-9 अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

हादसे के बाद संतोष कुमार श्रीवास्तव को तत्काल भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन 17 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

हादसे का भयावह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति आग की लपटों से घिरा दिखाई देता है और सीढ़ियों से नीचे की ओर भागता नजर आता है। आसपास मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद वह व्यक्ति बेसुध होकर गिर जाता है। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

ठेकेदार की मौत के बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 18 अक्टूबर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को बिहार स्थित अपने पैतृक क्षेत्र ले गए।

प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस हादसे ने संयंत्र परिसर में सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला पंचायत सदस्य प्रिया साहू ने आरोप लगाया कि इसी कंपनी के दूसरे प्लांट में करीब दो साल पहले भी एक श्रमिक की झुलसने से मौत हुई थी। उनके मुताबिक, उस मामले में विरोध के बाद पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा मिला था।

पुलिस ने दर्ज किया मर्ग, हादसे की जांच जारी

दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि जलने से घायल एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। अब हादसे के कारणों और प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही दुर्घटना की परिस्थितियों और संभावित लापरवाही को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।