#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में दिन में गर्मी, रात में बढ़ेगी ठंडक; रायपुर में 33 डिग्री के आसपास रहेगा पारा

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बारिश की गतिविधियां थमने के बाद प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि रात के तापमान में गिरावट से हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, फिलहाल प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है। अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने के आसार हैं।

अगले पांच दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। फिलहाल बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ने के आसार हैं।

रायपुर में 33 डिग्री के आसपास रहेगा तापमान

राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है।

बदलते मौसम में सेहत का रखें ध्यान

दिन में गर्मी और सुबह-शाम ठंडक के कारण मौसम के अनुरूप कपड़े पहनना जरूरी है। पर्याप्त पानी पिएं और सुबह-शाम ठंडी हवा से बचाव करें। सर्दी-खांसी या अन्य परेशानी लंबे समय तक बनी रहने पर चिकित्सकीय सलाह लें।