#प्रदेश

President Draupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं छत्तीसगढ़, CM विष्णुदेव साय ने किया स्वागत; आज रायपुर और कल बस्तर में रहेंगी

Advertisement Carousel

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंच गई हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री और सांसद मौजूद रहे। राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। वहीं, दौरे के दूसरे दिन जगदलपुर में मां दंतेश्वरी के दर्शन करने के साथ बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित मुरिया दरबार कार्यक्रम में शिरकत करेंगी।

आज रायपुर में इन कार्यक्रमों में होंगी शामिल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज दोपहर 12:45 बजे रायपुर स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान वे पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी।

इसके बाद शाम 4 बजे राष्ट्रपति रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां वे सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

कल मां दंतेश्वरी के दर्शन करेंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति दौरे के दूसरे दिन बस्तर प्रवास पर रहेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11 बजे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित मुरिया दरबार एवं सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी।

‘छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य का विषय’, CM साय ने किया स्वागत

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का छत्तीसगढ़ आना प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से राष्ट्रपति का स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति 200 रुपये के स्मारक सिक्के का विमोचन करेंगी। इसके बाद वे बस्तर प्रवास पर जाएंगी और आमसभा को संबोधित करेंगी।

राष्ट्रपति के बस्तर दौरे को लेकर डिप्टी CM विजय शर्मा ने क्या कहा?

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राष्ट्रपति के बस्तर दौरे को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे पहले छत्तीसगढ़ के आदिवासी प्रतिनिधियों को राष्ट्रपति निवास पर आमंत्रित किया गया था। वहां आयोजित भोज के दौरान राष्ट्रपति ने अपने हाथों से सभी को भोजन परोसा था।

उन्होंने बताया कि 64 लोगों के सम्मान के दौरान प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति से आग्रह किया था कि माओवाद समाप्त होने के बाद वे बस्तर आएं। उसी दिन मुरिया दरबार में शामिल होने का निर्णय लिया गया था। विजय शर्मा के अनुसार, राष्ट्रपति बस्तर में मुरिया दरबार में शामिल होंगी और मांझी-चालकी समाज के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगी।

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जताई खुशी

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी राष्ट्रपति के छत्तीसगढ़ आगमन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का दौरा प्रदेश के लिए सौभाग्य का विषय है। बस्तर के नक्सलवाद से मुक्त होने के बाद राष्ट्रपति का वहां पहुंचना खुशी की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर प्रदेश के लोगों से संवाद करेंगी।

एयरपोर्ट पर ये रहे मौजूद

रायपुर एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति के स्वागत के दौरान राज्यपाल रमेन डेका, उप मुख्यमंत्री एवं मंत्री विजय शर्मा, मंत्री खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल, ओपी चौधरी, श्याम बिहारी जायसवाल और सांसद विजय बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।