PM Modi-Tusk Meeting: पीएम मोदी और डोनाल्ड टस्क की मुलाकात, व्यापार-रक्षा-तकनीक पर बढ़ेगा सहयोग; 10 अरब डॉलर व्यापार का लक्ष्य

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने भारत-पोलैंड संबंधों की समीक्षा करते हुए व्यापार, रक्षा, तकनीक और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। डोनाल्ड टस्क 21 से 23 अक्टूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस दौरे का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है।
रणनीतिक साझेदारी को दो साल में मिली नई गति
डोनाल्ड टस्क के साथ बैठक के बाद संयुक्त प्रेस वार्ता में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) से भारत-पोलैंड साझेदारी के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं। भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत ने भी दोनों देशों के बीच सहयोग की संभावनाओं का विस्तार किया है।
पीएम मोदी ने टस्क का स्वागत करते हुए 2024 में अपनी पोलैंड यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था। इसके बाद पिछले दो वर्षों में भारत-पोलैंड संबंधों को नई गति मिली है।
भारत-पोलैंड रिश्ते केवल कूटनीति तक सीमित नहीं
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और पोलैंड की दोस्ती केवल कूटनीतिक संबंधों तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों देशों के बीच मानवता और संवेदनशीलता की साझा विरासत भी है।
उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान पोलैंड के लोगों को भारत में मिली मदद का उल्लेख किया। पीएम ने बताया कि जामनगर और कोल्हापुर के शाही परिवारों ने हजारों पोलिश बच्चों और परिवारों को भारत में आश्रय दिया था। उन्होंने इस ऐतिहासिक घटना को दोनों देशों के बीच मजबूत मानवीय संबंधों की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
व्यापार, रक्षा और तकनीक पर फोकस
द्विपक्षीय वार्ता में दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, तकनीक सहित कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के रास्तों पर चर्चा की। बैठक के दौरान दोनों देशों की मौजूदगी में कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान भी हुआ।
भारत में पोलैंड के पूर्व राजदूत एडम बुराकोव्स्की के अनुसार, दोनों देश वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार को मौजूदा करीब 6 अरब डॉलर से बढ़ाकर 10 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रखते हैं। उन्होंने रक्षा और अंतरिक्ष तकनीक को भी सहयोग के महत्वपूर्ण क्षेत्र बताया।
राजघाट पहुंचकर गांधी को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात से पहले डोनाल्ड टस्क ने गुरुवार सुबह राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राष्ट्रपिता की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
टस्क बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर नई दिल्ली पहुंचे थे। उनके साथ पोलैंड के वित्त एवं अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमान्स्की और कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।
जयशंकर से भी मिले डोनाल्ड टस्क
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी गुरुवार को पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में भारत-पोलैंड सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि पोलैंड के प्रधानमंत्री से मुलाकात कर खुशी हुई और भारत-पोलैंड के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने को लेकर उनके विचारों की सराहना की।
बेंगलुरु भी जाएंगे पोलैंड के प्रधानमंत्री
भारत यात्रा के दौरान टस्क नई दिल्ली में भारत-पोलैंड बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद 23 अक्टूबर को वे बेंगलुरु जाएंगे। वहां वे भारत के सूचना प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगे।
दोनों प्रधानमंत्रियों की वार्ता में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा।
2010 के बाद पहली बार भारत आए पोलैंड के प्रधानमंत्री
डोनाल्ड टस्क का मौजूदा भारत दौरा 2010 के बाद किसी पोलिश प्रधानमंत्री की पहली भारत यात्रा है। अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पोलैंड यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था।
भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, टस्क की यह यात्रा भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने और दोनों देशों के लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।




