Manendragarh Road Accident: यात्री बस पेड़ से टकराई, बच्ची समेत 6 की मौत; 15 से ज्यादा घायल, मची चीख-पुकार

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। केल्हारी थाना क्षेत्र में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में एक बच्ची समेत 6 यात्रियों की मौत की सूचना है, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सेमरमथानी मोड़ के पास अनियंत्रित हुई बस
जानकारी के अनुसार, यात्री बस मनेन्द्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। इसी दौरान सेमरमथानी मोड़ के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
बच्ची समेत 6 लोगों की मौत
हादसे में एक बच्ची सहित 6 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं 15 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर होने की भी जानकारी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल बस के अनियंत्रित होने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।




