#प्रदेश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मां दंतेश्वरी के किए दर्शन, CM साय बोले- पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर

Advertisement Carousel

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। राष्ट्रपति ने मां दंतेश्वरी से देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी मां दंतेश्वरी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।

CM साय बोले- पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के प्रति अंचल के लोगों की अटूट श्रद्धा है। मां दंतेश्वरी बस्तर की आस्था और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का मां दंतेश्वरी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बस्तर पहुंचना पूरे बस्तर और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है।

उन्होंने कहा कि बस्तर अपनी अनुपम जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और विशिष्ट जीवन मूल्यों के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। यहां की परंपराओं में प्रकृति, आस्था और समाज के बीच गहरा संबंध देखने को मिलता है। राष्ट्रपति के प्रवास से बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिलेगा।

बस्तर की आराध्य देवी हैं मां दंतेश्वरी

मां दंतेश्वरी बस्तर अंचल की आराध्य देवी हैं। बस्तरवासियों की मां दंतेश्वरी के प्रति गहरी आस्था है और उनकी उपासना क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में विशेष स्थान रखती है। मां दंतेश्वरी से जुड़ी श्रद्धा बस्तर की सदियों पुरानी परंपराओं और सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन में गहराई से रची-बसी है।