#प्रदेश

चक्रवात ‘अर्नब’ पर केंद्र की नजर, गृहमंत्री अमित शाह ने CM साय को किया फोन, हरसंभव मदद का दिया भरोसा

Advertisement Carousel

रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव को लेकर केंद्र सरकार भी अलर्ट मोड पर है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को फोन कर छत्तीसगढ़ में तूफान के असर और मौजूदा हालात की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश में हो रही बारिश और प्रशासन की तैयारियों से उन्हें अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो रही है, लेकिन फिलहाल कहीं से भी बाढ़ या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। राज्य सरकार संभावित परिस्थितियों को देखते हुए पूरी तरह सतर्क है और संबंधित विभागों के साथ जिला प्रशासन को अलर्ट रखा गया है।

शाह ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री साय को आश्वस्त किया कि किसी भी आपात स्थिति में केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी। उन्होंने चक्रवात से प्रभावित राज्यों की परिस्थितियों को लेकर भी केंद्र की ओर से पूरी मदद का भरोसा दिलाया।

CM साय ने जताया आभार, बोले- सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्र सरकार की ओर से सहयोग के आश्वासन के लिए गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के बीच लगातार समन्वय बनाया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।

इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों से भी शाह ने की चर्चा

उल्लेखनीय है कि गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के अलावा आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों से भी फोन पर चर्चा कर चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव और मौजूदा हालात की जानकारी ली। उन्होंने सभी प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।