#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में कमजोर पड़ने लगा साइक्लोन अर्नब का असर, दो दिन में 5 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान; फिर सताएगी गर्मी

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में साइक्लोन अर्नब के प्रभाव से हुई झमाझम बारिश का दौर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है। 28 अक्टूबर से शुरू हुई बारिश ने प्रदेश के कई जिलों को तरबतर कर दिया। खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश दर्ज की गई, जहां कुसमी में सबसे अधिक 28 सेंटीमीटर वर्षा हुई। हालांकि, अब मौसम विभाग ने बारिश में कमी आने और तापमान में बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। यानी बारिश के बाद प्रदेश में एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है।

रायपुर में आज भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

कुसमी में 28 सेंटीमीटर बारिश, उत्तर छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा असर

पिछले 48 घंटों के दौरान प्रदेश में बारिश का सबसे अधिक असर उत्तरी छत्तीसगढ़ में देखने को मिला। कुसमी में सर्वाधिक 28 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा चांदो और सामरी में 14-14 सेंटीमीटर, कुनकुरी में 12 सेंटीमीटर, तमनार और रामानुजगंज में 9-9 सेंटीमीटर तथा रायगढ़, कांसाबेल, सन्ना और बगभा में 8-8 सेंटीमीटर बारिश हुई।

लगातार बारिश के कारण जनजीवन के साथ खेती-किसानी पर भी असर पड़ा है। किसानों को मौसम की मार झेलनी पड़ी है।

जगदलपुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान

बारिश के बीच प्रदेश के तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।

कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है। वहीं, एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी और तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में कमजोर पड़ने लगा साइक्लोन अर्नब का असर, दो दिन में 5 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान; फिर सताएगी गर्मी

Aaj Ka Rashifal 31 October 2026: दूसरी