कवर्धा में सराफा व्यापारी से लूट का खुलासा, 48 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार; 11.9 किलो चांदी के जेवर बरामद, 2 फरार

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सराफा व्यापारी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में हुई इस लूट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल बजाज पल्सर बाइक और 1500 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
मंदिर घाटी के पास व्यापारी को रोककर की थी लूट
पुलिस के मुताबिक, घटना 27 अक्टूबर की है। पांडातराई निवासी सराफा व्यापारी वेदप्रकाश सोनी मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया और डंडे से मारपीट कर उनके पास रखे कीमती जेवरात लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद व्यापारी की शिकायत पर तरेगांव जंगल थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले, 24 गांवों में जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने वारदात स्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही 24 गांवों में जाकर 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले निखिल कुर्रे को ग्राम बिरकोना के पास से हिरासत में लिया। उससे पूछताछ के बाद संजय भास्कर और सचिन पात्रे को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले की रेकी, फिर बनाई लूट की योजना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने व्यापारी की पहले रेकी करने और उसके बाद सुनियोजित तरीके से लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। लूट के बाद आरोपियों ने जेवरात आपस में बांट लिए थे और पुलिस से बचने के लिए उन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था।
11.9 किलो चांदी के जेवर और बाइक जब्त
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, वारदात में इस्तेमाल बजाज पल्सर बाइक और 1500 रुपये नकद बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब इस लूटकांड में शामिल दो फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।





