मरवाही में हाथियों का बड़ा झुंड, ड्रोन से गिनती में सामने आए 62 गजराज; किसानों की बढ़ी चिंता, वन विभाग अलर्ट

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के मरवाही वन मंडल क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती संख्या ने वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। अब तक करीब 55 हाथियों के होने का अनुमान लगाया जा रहा था, लेकिन ड्रोन कैमरे से की गई गिनती में कुल 62 हाथियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। एक साथ इतने बड़े झुंड के इलाके में मौजूद होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाथियों का दल खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है।
ड्रोन से गिनती में सामने आई हाथियों की वास्तविक संख्या
जानकारी के मुताबिक, हाथियों का झुंड पहले दो से तीन छोटे दलों में बंटकर अलग-अलग स्थानों पर विचरण कर रहा था। इस वजह से उनकी वास्तविक संख्या का आकलन करना मुश्किल हो रहा था। वन विभाग की ओर से करीब 55 हाथियों के होने का अनुमान लगाया गया था।
हाल ही में ड्रोन कैमरे की मदद से पूरे क्षेत्र का एरियल सर्वे किया गया। इसके बाद हाथियों की कुल संख्या 62 सामने आई। मरवाही वन मंडल के डीएफओ एवं आईएफएस अधिकारी कुमार निशांत ने इसकी पुष्टि की है।
खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद कर रहे हाथी
एक ही क्षेत्र में 62 हाथियों के मौजूद होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। हाथियों का बड़ा झुंड लगातार खेतों में पहुंच रहा है और खड़ी फसलों को अपना आहार बना रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। हाथियों की आवाजाही के कारण ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है।
वन विभाग और हाथी मित्र दल अलर्ट
स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। मैदानी कर्मचारी और स्थानीय हाथी मित्र दल लगातार हाथियों की गतिविधियों और उनके मूवमेंट पर नजर रख रहे हैं। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है, ताकि हाथियों के अचानक गांव या खेतों में पहुंचने पर किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
मरवाही क्षेत्र में 62 हाथियों की मौजूदगी वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। अब सबसे बड़ी चिंता हाथियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ किसानों की फसलों और ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा करना है।





