महादेव सट्टा ऐप के मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर को 2 दिन की ट्रांजिट रिमांड, CBI रायपुर लाएगी; करोड़ों के सिंडिकेट पर होगी पूछताछ

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के प्रमोटर और मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ओमान से प्रत्यर्पण के बाद दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उसे दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया है। सोमवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने उसे अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड मांगी थी, जिसे कोर्ट ने मंजूरी दे दी। अब CBI की टीम उसे आगे की पूछताछ के लिए रायपुर लेकर आएगी।
ओमान से प्रत्यर्पण के बाद कोर्ट में पेशी
सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर 2026 को ओमान से भारत प्रत्यर्पित कर लाया गया था। इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था। इसके बाद भारतीय एजेंसियों ने ओमान सरकार के साथ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की।
दो CBI मामलों में चार्जशीट, ED भी कर रही जांच
सौरभ चंद्राकर के खिलाफ CBI के दो मामलों में आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) के एक मामले में भी अभियोजन शिकायत दर्ज है। जांच एजेंसियों के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और अन्य आयोजनों पर अवैध सट्टेबाजी कराई जाती थी।
हवाला और म्यूल खातों के जरिए विदेश भेजी जाती थी रकम
CBI की जांच में आरोप है कि सट्टेबाजी से अर्जित रकम को बड़ी संख्या में म्यूल बैंक खातों के जरिए कई लेनदेन में घुमाया जाता था। इसके बाद हवाला नेटवर्क के माध्यम से विदेश भेजा जाता था। जांच एजेंसी ने सरकारी कर्मचारियों को संरक्षण राशि दिए जाने के आरोपों की भी जांच की है।





