#प्रदेश

CG Fire News: दिवाली की रात रायपुर अनाज मंडी में भीषण आग, तीन दुकानों में लगी लपटें, करोड़ों के नुकसान की आशंका

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दीपावली की रात बड़ा अग्निकांड हो गया। डुमरतराई स्थित अनाज मंडी में रविवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से तीन दुकानें पूरी तरह प्रभावित हुईं। इनमें दीपक ट्रेडर्स, व्यंकटेश इंटरप्राइजेज और जयराम स्टेश्वरी शामिल हैं। तीनों दुकानें B-164, B-165 और B-166 नंबर पर स्थित हैं। आग इतनी भयावह थी कि लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है।

स्टेशनरी और कन्फेक्शनरी दुकानों में लगी आग, कई धमाकों से मची दहशत

जानकारी के अनुसार, माना थाना क्षेत्र के डुमरतराई अनाज मंडी में स्टेशनरी और कन्फेक्शनरी सामान की दुकानों में आग लगी। देखते ही देखते आग ने आसपास की तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में बड़ी मात्रा में सामान रखे होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

इस दौरान दुकानों के अंदर से कई धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं। इससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

दमकल और SDRF की करीब 10 गाड़ियां मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग, SDRF और निजी प्लांटों की करीब 10 गाड़ियों को आग बुझाने के काम में लगाया गया है।

सभी टीमें लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। आग की लपटों को देखते हुए राहत और बचाव कार्य में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

करोड़ों के नुकसान की आशंका, आग लगने की वजह अज्ञात

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही दुकानों में हुए नुकसान का वास्तविक आकलन किया जा सकेगा।

माना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने की वजह और नुकसान से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

दीपावली की रात हुए इस अग्निकांड ने व्यापारियों की खुशियों को चिंता में बदल दिया है।