#प्रदेश

बस्तर फाइटर भर्ती को लेकर युवाओं का फूटा गुस्सा, जगदलपुर में चक्काजाम; पुलिस से झूमाझटकी, 3 दिन का अल्टीमेटम

Advertisement Carousel

जगदलपुर। बस्तर फाइटर भर्ती में स्थानीय युवाओं के लिए पदों की संख्या बढ़ाने और आरक्षण का दायरा बढ़ाने की मांग को लेकर बस्तर में युवाओं का आंदोलन तेज हो गया है। पिछले एक सप्ताह से जारी विरोध प्रदर्शन अब सड़क पर उतर आया है। शुक्रवार को जगदलपुर के आमागुड़ा में बस्तरिया राज मोर्चा के बैनर तले युवाओं ने चक्काजाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। पुलिस लगातार माइक के जरिए प्रदर्शनकारियों को चक्काजाम की अनुमति नहीं होने की जानकारी देकर वापस लौटने की अपील करती रही, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

दरअसल, बस्तर जिले में बस्तर फाइटर भर्ती के लिए कुल 79 पद निर्धारित किए गए हैं। युवाओं का कहना है कि इन पदों की संख्या काफी कम है। उनकी मांग है कि पदों की संख्या बढ़ाने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए आरक्षण का प्रतिशत 40 से बढ़ाकर 75 किया जाए। युवाओं का तर्क है कि बस्तर के स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने दूसरे जिलों में भी आवेदन करने की अनुमति देने की मांग उठाई है।

तीन दिन का अल्टीमेटम, मांगें नहीं मानीं तो होगा उग्र आंदोलन

प्रदर्शनकारी गोवर्धन बघेल ने कहा कि महज 79 पद निर्धारित होने से स्थानीय युवाओं में निराशा है। अपनी मांगों को लेकर कई बार ज्ञापन सौंपे गए और रैलियां निकाली गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। वहीं, आदिवासी छात्र संगठन के प्रदेश सदस्य मोतीराम कश्यप ने बताया कि प्रशासन की ओर से तीन दिन का समय दिया गया है। यदि इस अवधि में मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो युवा उग्र आंदोलन करेंगे और अलग-अलग जगहों पर चक्काजाम किया जाएगा।

सरकार के बस्तर के युवाओं को आगे बढ़ाने के दावों पर उठाए सवाल

प्रदर्शन में शामिल आकाश ने सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर बस्तर के युवाओं को आगे बढ़ाने की बात कही जाती है, वहीं दूसरी ओर उनकी मांगों के समाधान के नाम पर केवल समय दिया जा रहा है। प्रदर्शनकारी रितु नाग ने भी मांग की कि या तो भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाए या फिर स्थानीय युवाओं को दूसरे जिलों में जाकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की छूट दी जाए।

मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

इधर, प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शनकारियों को चक्काजाम की कोई अनुमति नहीं दी गई थी। बस्तरिया राज मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया है। इसे आगे की कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा जाएगा। फिलहाल युवाओं ने तीन दिन का अल्टीमेटम देकर आंदोलन तेज करने के संकेत दे दिए हैं।