CG Paddy Procurement 2026: किसानों को प्रति एकड़ मिलेंगे 13,839 रुपये, 3100 रुपये क्विंटल में खरीदा जाएगा धान, मिलेट्स की खरीदी 15 दिसंबर से

रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ी घोषणा की गई है। राज्य में धान खरीदी के साथ कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि दी जाएगी। वहीं, धान की सरकारी खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी। किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। खास बात यह है कि यदि कोई किसान अपने पंजीकृत रकबे के निर्धारित अनुपात से कम धान बेचता है, तब भी उसे पूरे पंजीकृत रकबे के आधार पर प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम और कृषि उत्पादन आयुक्त एवं सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने शुक्रवार, 13 नवंबर को नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये घोषणाएं कीं। इस दौरान मिलेट्स की सरकारी खरीदी, वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने और किसानों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी धान खरीदी
राज्य सरकार के मुताबिक, किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जाएगा। एक एकड़ पंजीकृत रकबे पर अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी होगी। इसके साथ ही कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता दी जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी उनके पूरे पंजीकृत रकबे के आधार पर प्रोत्साहन राशि का लाभ मिलेगा।
15 दिसंबर से शुरू होगी मिलेट्स की सरकारी खरीदी
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि प्रदेश में 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक मिलेट्स की सरकारी खरीदी की जाएगी। यह खरीदी मार्कफेड के माध्यम से होगी। रागी की खरीदी केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जाएगी। वहीं, कोदो और कुटकी की खरीदी राज्य सरकार द्वारा तय दरों पर होगी।
दूसरी फसल लेने वाले किसानों को मिलेंगे 15 हजार रुपये
धान की जगह दूसरी फसल की खेती करने वाले किसानों के लिए भी सरकार ने सहायता राशि बढ़ाने की घोषणा की है। पहले प्रति एकड़ 11 हजार रुपये की सहायता दी जाती थी, जिसे बढ़ाकर अब 15 हजार रुपये कर दिया गया है।
इसके अलावा दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य किसानों को धान के अलावा दूसरी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करना है।
अरहर, उड़द और सोयाबीन की दरें भी तय
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री रामविचार नेताम और सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने विभिन्न फसलों की निर्धारित दरों की जानकारी भी दी। राज्य शासन ने अरहर, उड़द और सोयाबीन के लिए दरें तय की हैं।
- अरहर : 8,450 रुपये प्रति क्विंटल
- उड़द : 8,200 रुपये प्रति क्विंटल
- सोयाबीन : 5,708 रुपये प्रति क्विंटल
सरकार की इन घोषणाओं से धान उत्पादक किसानों के साथ-साथ दलहन, तिलहन और मिलेट्स की खेती करने वाले किसानों को भी लाभ पहुंचाने की योजना है।





